डीएस सेवन न्यूज भोपाल उदयपुर.ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से हुई एक पहचान बाद में विवाद का कारण बन गई। मध्य प्रदेश की एक युवती ने उदयपुर निवासी युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का कहना है कि शादी का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने के बाद युवक ने उसे और उसके परिवार को लगातार परेशान किया।
शिकायत के अनुसार दोनों की पहचान Jeevansathi.com के जरिए हुई थी। शुरुआती बातचीत के बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में मुलाकात भी हुई, लेकिन बाद में युवती के परिवार ने रिश्ता आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया। इसके बाद युवक कथित रूप से लगातार संपर्क करने का प्रयास करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद भी युवक अलग-अलग माध्यमों से संपर्क करने की कोशिश करता रहा। इतना ही नहीं, उसने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग कर युवती की निजी जिंदगी से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास भी किया।
युवती ने शिकायत में बताया कि उसके नाम से फर्जी कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्र तैयार कराए गए और स्थानीय स्तर पर उनका वितरण कराया गया। इसके अलावा ऑनलाइन कैब सेवाओं के माध्यम से बार-बार बुकिंग कर उसके घर का पता इस्तेमाल किया गया, जिससे परिवार को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मामले में एक और गंभीर आरोप यह है कि आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग कर युवती से जुड़ी कथित फर्जी तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। पीड़िता का कहना है कि इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
महिला आयोग ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले को संज्ञान में लिया है। युवती के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी व्यक्ति की अनुमति के बिना उसकी फर्जी डिजिटल तस्वीरें बनाना या ऑनलाइन उत्पीड़न करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आ सकता है। ऐसे मामलों में विभिन्न साइबर और आपराधिक कानूनों के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
Tags
Breaking News