कोरियर ऑफिस में घुसकर युवक पर चाकू से हमला, 50 हजार रुपये लूटकर फरार हुए चार बदमाश

कोरियर ऑफिस में घुसकर युवक पर चाकू से हमला, 50 हजार रुपये लूटकर फरार हुए चार बदमाश

डीएस सेवन न्यूज नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार को  एक कोरियर ऑफिस में घुसकर चार बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया और करीब 50 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार महू रोड स्थित दकं प्लाजा के समीप संचालित एक डिलीवरी कोरियर ऑफिस में सूरजनाथ पिता ओकेरन्नाथ निवासी नीमच सिटी मौजूद थे। इसी दौरान चार युवक पार्सल की जानकारी लेने के बहाने ऑफिस में पहुंचे। कुछ देर बाद उन्होंने अचानक सूरजनाथ के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सूरजनाथ के कंधे और पीठ पर दो चाकू के वार लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑफिस में रखी लगभग 50 हजार रुपये की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post