मंडी में लहसुन चोरी कर नीलामी में बेचने का प्रयास, दो युवक रंगे हाथों पकड़े गए
डीएस सेवन न्यूज पिपलिया स्टेशन (निप्र)। स्थानीय कृषि उपज मंडी में सोमवार को एक अनोखा चोरी का मामला सामने आया, जहां दो युवकों ने व्यापारी की लहसुन की बोरियों से माल निकालकर उसी मंडी परिसर में ढेर लगाकर नीलामी के माध्यम से बेचने का प्रयास किया। व्यापारियों की सतर्कता और सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों युवक पकड़ लिए गए। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी में व्यापारी मनोज कसेरा की लहसुन की कई बोरियां नीलामी के लिए रखी हुई थीं। सोमवार सुबह जब वे अपनी उपज का निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें लहसुन की कुछ बोरियां कम दिखाई दीं। बोरियों की संख्या में कमी देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक लहसुन की बोरियां उठाकर उन्हें खाली करते हुए तथा लहसुन को मंडी परिसर में अलग स्थान पर ढेर लगाते हुए दिखाई दिए। फुटेज देखने के बाद व्यापारी एवं अन्य व्यापारियों ने मामले की जानकारी मंडी कर्मचारियों को दी और संदिग्ध ढेर पर नजर बनाए रखी। बताया जाता है कि सुबह मंडी में नियमित नीलामी प्रक्रिया के दौरान उक्त लहसुन के ढेर की भी बोली लग गई। नीलामी पूरी होने के बाद जब दो युवक नीलामी पर्ची लेने के लिए मंडी कार्यालय पहुंचे तो व्यापारियों ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद दोनों युवकों को पकड़कर मंडी कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने नाम आशिक मुल्तानी एवं तोशिफ मुल्तानी, निवासी मुल्तानपुरा, बताए। व्यापारियों का आरोप है कि दोनों ने व्यापारी की बोरियों से लहसुन निकालकर उसे अपना बताकर नीलामी में बेचने का प्रयास किया था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
------
Tags
Breaking News