डीएस सेवन न्यूज रतनगढ़ (नीमच)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 460.26 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक वेगनआर कार भी जब्त की गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद रोहित राघौर के मार्गदर्शन में थाना रतनगढ़ और पुलिस चौकी डीकेन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 21 जून को वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की वेगनआर कार पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से भागने लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 2,557 क्वार्टर ऑल सीजन अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 460.26 लीटर है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास जाट (34) निवासी असावरपुर, थाना राई, जिला सोनीपत (हरियाणा), जसवीर (31) निवासी रोहणा, थाना खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) तथा शहादत (35) निवासी बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण में पूछताछ जारी है तथा शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना रतनगढ़ प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाभर एवं पुलिस चौकी डीकेन की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी अधिकारियों द्वारा सराहना की गई।
Tags
Breaking News