प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 90 किलो डोडाचूरा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 90 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ उत्तरप्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तैर सिंह बघेल एवं एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को 18 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पंजाब पासिंग सफेद रंग की पिकअप वाहन में दो व्यक्ति प्याज के कट्टों के नीचे डोडाचूरा छिपाकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ढाबला गुर्जर अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक PB65BM7353 को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान प्याज के 25 कट्टों के नीचे छिपाकर रखा गया 90 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से विपीन पिता सूरजपाल नाई (25) निवासी हथनीबुड, तहसील दातागंज, जिला बदायूं (उत्तरप्रदेश) तथा राहुल सिंह पिता भूपेंद्र सिंह गौर (34) निवासी सरोरी, तहसील बिसौली, जिला बदायूं (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 किलोग्राम डोडाचूरा, 25 प्याज के कट्टे तथा लगभग 8 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन जब्त की है। बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना शामगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह राजावत, प्रधान आरक्षक प्रदीप पानेरी, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, आरक्षक विकास राठौर, विशाल सिंह, मोकम सिंह, इरफान तथा कौशलेंद्र का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post