NEET UG री-एग्जाम से पहले NTA की सख्ती, ड्रेस कोड और सुरक्षा गाइडलाइन जारी; टेलीग्राम को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका

डीएस सेवन न्यूज नई दिल्ली। 21 जून को आयोजित होने वाले NEET UG री-एग्जाम को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया है।

इसी बीच टेलीग्राम को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने NEET परीक्षा से पहले टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध को हटाने से इनकार करते हुए टेलीग्राम की याचिका खारिज कर दी है।

जस्टिस तेजस कारिया की एकल पीठ ने अपने फैसले में कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धारा 69A के तहत आपात स्थिति में केंद्र सरकार को किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने का अधिकार है। अदालत ने माना कि इस मामले में सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया है, इसलिए हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है।

हालांकि, टेलीग्राम की कानूनी टीम ने दिल्ली हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है।

वहीं, NTA की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। बड़े बटन, जिप, धातु से बने सामान एवं भारी एक्सेसरीज पहनने से बचने को कहा गया है। जूतों की जगह साधारण सैंडल या स्लीपर पहनने की सलाह दी गई है।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड एवं वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। एडमिट कार्ड को सुरक्षित रखने के लिए पारदर्शी प्लास्टिक पाउच का उपयोग किया जा सकता है। पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की भी अनुमति रहेगी।

धार्मिक चिन्ह, पगड़ी या विशेष धार्मिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा, जिसके लिए उन्हें परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। NTA ने स्पष्ट किया है कि देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इस बार NTA पहली बार WhatsApp के माध्यम से भी अभ्यर्थियों तक परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाएगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक WhatsApp संदेश केवल सूचना देने के उद्देश्य से भेजे जाएंगे और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाएगी।

गौरतलब है कि NEET UG री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए देशभर में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post