उदयपुर मुंबई में मेवाड़ के सम्मान का अपमान: महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ सहित राजवंशीय हस्तियों की तस्वीरें रौंदी, राजपूत समाज और 36 कौम में उबाल

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। मुंबई में मेवाड़ के महाराणा साहब श्री विश्वराज सिंह मेवाड़, हाड़ा चौहान राजवंश बूंदी के ब्रिगेडियर श्री भूपेश सिंह हाड़ा एवं श्री राजवीर सिंह जी की तस्वीरों को सार्वजनिक रूप से पैरों तले रौंदे जाने की घटना ने राजपूत समाज सहित 36 कौम में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। समाजजन इस घटना को मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा, सम्मान और स्वाभिमान पर सीधा हमला मानते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना उदयपुर के जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी सम्मानित व्यक्ति की तस्वीरों को सार्वजनिक रूप से पैरों तले रौंदना लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं को आहत करने वाला अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य है।

उन्होंने कहा कि मेवाड़ और बूंदी की गौरवशाली परंपरा त्याग, बलिदान, शौर्य, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की अमर गाथाओं से परिपूर्ण रही है। ऐसे सम्मानित व्यक्तित्वों का अपमान केवल राजपूत समाज का ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की भावनाओं पर आघात है जो राष्ट्र, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का सम्मान करते हैं। यही कारण है कि इस घटना को लेकर राजपूत समाज सहित 36 कौम में व्यापक नाराजगी और रोष देखने को मिल रहा है।

अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा ने महाराष्ट्र सरकार, राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। समाज के सम्मान और अस्मिता से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने का कार्य करे।

उन्होंने कहा कि राजपूत समाज कानून एवं संविधान में पूर्ण विश्वास रखता है, लेकिन सम्मान और स्वाभिमान के विषयों पर मौन रहना समाज की प्रकृति नहीं है। प्रशासन को इस गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे समाज में न्याय और विश्वास बना रहे।

करणी सेना के जिला अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना समस्त राजपूत समाज के साथ मुंबई पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि मुंबई में भी करणी सेना की मजबूत टीम सक्रिय है और समाज के सम्मान एवं स्वाभिमान से जुड़े इस विषय पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजपूत समाज सदैव राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता एवं सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाता आया है और भविष्य में भी समाज की अस्मिता, गौरव एवं सम्मान की रक्षा हेतु एकजुट होकर खड़ा रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post