भीलवाड़ा 19 साल का लड़का बेच रहा था री-नीट का पेपर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज नीट यूजी 2026 की परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित कराई जाएगी। इससे पहले छात्रों को फर्जी पेपर बेचे जा रहे हैं। राजस्थान के भीलवाड़ा में पुलिस ने ऐसे ही एक युवक को पकड़ा है, जो फर्जी पेपर सोशल मीडिया के जरिए बेच रहा था। गुरुवार शुक्रवार की मध्यरात्रि प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने एक मकान पर दबिश देकर एक युवक को डिटेन किया है, जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

भीलवाड़ा एसपी सागर राणा ने भीलवाड़ा जिले में निष्पक्ष परीक्षा आयोजन करवाने को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से पुलिस की टीम सतर्क थी। एसपी कार्यालय की जिला विशेष शाखा को आई-मेक पोर्टल पर एक विशेष गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि कुछ असामाजिक तत्व री- नीट परीक्षा का फर्जी और बोगस पेपर तैयार कर टेलीग्राम और सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन बेच रहे हैं।

पुलिस ने 19 वर्षीय आकाश को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से चुरू जिले के रावतसर कुजला का रहने वाला है। आकाश नामक युवक से पूछताछ के बाद शुक्रवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से एक नीट की बुक, मोबाईल फोन व अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी जयपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और दो दिन पहले ही जयपुर से भीलवाड़ा लौटा था। अब भीलवाड़ा पुलिस गिरफ्तार किए गए युवक से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन युवा शामिल है और कब से ऐसा प्रयास कर रहे थे। पूरी पूछताछ के बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post