झूठे केस में समझौते की कीमत मांगना पड़ा महंगा, कोटा में कांस्टेबल 7 हजार की रिश्वत लेते एसीबी के शिकंजे में
डीएस सेवन न्यूज कोटा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा रेंज ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग नगर थाने में तैनात कांस्टेबल हरिओम को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र के खिलाफ पड़ोसियों द्वारा झूठा मामला दर्ज कराया गया है। प्रकरण की जांच के दौरान कांस्टेबल हरिओम ने मामले को रफा-दफा करने और राहत दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी कांस्टेबल ने परिवादी की जेब से जबरन 5 हजार रुपये निकाल लिए थे तथा शेष राशि देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान आरोपी 8 हजार रुपये लेने पर राजी हुआ था, लेकिन गुरुवार को उद्योग नगर थाने के बाहर परिवादी से 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे आमजन में कानून व्यवस्था और जवाबदेही को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
Tags
Breaking News