चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
140 किलो 700 ग्राम अफीम डोडाचूरा, अवैध पिस्टल और कार सहित तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 140 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा, एक अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तस्करी में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन कार को भी जब्त कर लिया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में एसआई शिवराज राव सहित पुलिस टीम का गठन किया गया था।
नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास
पुलिस टीम बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कोटा-उदयपुर मार्ग की ओर से आ रही एक टाटा नेक्सोन कार को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और नाकाबंदी तोड़कर निकलने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोकने का प्रयास किया। स्टॉप स्टिक लगाने से कार का आगे का बायां टायर पंचर हो गया, जिसके बाद वाहन को रोक लिया गया। चालक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली।
डैशबोर्ड में मिली लोडेड पिस्टल, डिक्की से बरामद हुआ डोडाचूरा
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से एक लोडेड अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं डिक्की में रखे आठ प्लास्टिक कट्टों और दो कपड़े के बोरों की जांच करने पर उनमें अफीम डोडाचूरा भरा मिला।
पुलिस ने बरामद सामग्री का वजन किया, जो कुल 140 किलो 700 ग्राम निकला। इसके बाद मादक पदार्थ, हथियार और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने वाहन चालक संजय बिश्नोई (25) पुत्र घेवरराम बिश्नोई, निवासी विष्णु की ढाणी, थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर ग्रामीण (वर्तमान निवासी बाबा रामदेवनगर, माता का थान, जोधपुर शहर) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपी से बरामद अफीम डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति श्रृंखला तथा अन्य संभावित तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेम सिंह, एसआई शिवराज राव, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल हेमव्रत सिंह, पृथ्वीपाल सिंह, भजनलाल, पुष्पेन्द्र सिंह और कुलदीप सिंह की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Tags
Breaking News