ज्वार के खेत में छिपाकर रखा था डोडा चूरा पोस्त, पुलिस ने महिला तस्कर को 4.895 किलो मादक पदार्थ सहित दबोचा
डीएस सेवन न्यूज रतिया फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर रतिया पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला को 4 किलो 895 ग्राम डोडा चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तामसपुरा निवासी मनजीत कौर उर्फ रानी कौर के रूप में हुई है।
थाना सदर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक शीशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी महिला ने अपने घर के समीप स्थित ज्वार के खेत में डोडा चूरा पोस्त छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान खेत में छिपाकर रखे गए एक प्लास्टिक के कट्टे से 4 किलो 895 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया गया। बरामदगी के बाद महिला आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 159, दिनांक 04 जुलाई 2026 के तहत धारा 15बी, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले में आगे की जांच जारी है।