नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, छेड़छाड़, लूट और धमकियों की शिकायत लेकर एसपी पहुंचा परिवार
डीएस सेवन न्यूज पिपलिया स्टेशन | पिपलियामंडी क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग दत्तक पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने, लगातार परेशान करने, मारपीट, छीनाझपटी और जान से मारने की धमकियां देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, ग्राम बर्डिया निवासी युवक अमन काफी समय से उसकी नाबालिग पुत्री से मोबाइल फोन पर संपर्क कर उसे परेशान करता था। आरोप है कि युवक जबरन बातचीत करने का दबाव बनाता था और मना करने पर अपने साथ ले जाने की धमकी देता था। कई बार समझाइश के बावजूद उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।
महिला ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता था, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई। साथ ही वह नाबालिग को परिवार के खिलाफ भड़काकर घर का माहौल भी खराब कर रहा था। इससे परिवार को बेटी के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता है।
शिकायत के अनुसार, एक विवाह समारोह से लौटते समय भदवा घाटी के पास अमन, उसके भाई चमन और प्रहलाद ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और सोने की चेन, अंगूठी तथा चांदी का कड़ा छीन लिया। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उनकी पुत्री को अपने साथ ले जाने और भविष्य में उसका अपहरण करने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस संबंध में थाना पिपलियामंडी, थाना कुकड़ेश्वर सहित मंदसौर और नीमच पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अलग-अलग समय पर शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि शिकायतों के बाद उनकी नाबालिग पुत्री घर से लापता हो गई, जिसके लिए उन्होंने संबंधित युवक को जिम्मेदार ठहराते हुए अपहरण की आशंका व्यक्त की है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी तथा आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नोट: इस समाचार में उल्लिखित सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदनों पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।