24 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा: द्वारिका धाम कॉलोनी लूटकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार, नकदी व मोबाइल बरामद
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। शहर की द्वारिका धाम कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का चित्तौड़गढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, एप्पल मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को सहनवा निवासी संजय सालवी अपने मित्र किशन सेन के साथ नकदी से भरा बैग लेकर चित्तौड़गढ़ आए थे। द्वारिका धाम कॉलोनी स्थित गणपति मंदिर के समीप बरगद के पेड़ के नीचे बैठने के दौरान बाइक और स्कूटी पर सवार बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने दोनों को धक्का देकर रुपयों से भरा बैग और मोबाइल फोन छीन लिया तथा मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि प्रारंभिक रिपोर्ट में लूट की राशि 4.90 लाख रुपये दर्ज कराई गई थी, जबकि वास्तविक रूप से बैग में 2 लाख रुपये ही थे। पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के बीच राशि को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण एफआईआर में अधिक रकम दर्ज हो गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह की निगरानी में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की। लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
- दीपक खटीक (26)
- अस्मित राठौड़ (22)
- आदित्य खोखर (20)
- पवन मेघवाल (20)
- धीरज बैरवा (22)
- पवन वैष्णव (25)
पुलिस ने बताया कि फरार तीन आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।