डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले की नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 88 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में हिमाचल प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा मल्हारगढ़ अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कीर्ति बघैल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में 5 जुलाई 2026 को वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड स्थित बरखेड़ा वीरपुरिया फंटे पर एसएमएल कंपनी के SARTAJ GS मिनी ट्रक (क्रमांक HP-93-A-8885) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में रखे चार प्लास्टिक के कट्टों से कुल 88 किलोग्राम पिसा हुआ अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 76 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पिता गुरपाल शर्मा (40 वर्ष), निवासी ग्राम ओखु, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) तथा अमृतलाल पिता तीर्थराम शर्मा (36 वर्ष), निवासी आदुवाल, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 88 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा (कीमत 1.76 लाख रुपये), एसएमएल SARTAJ GS मिनी ट्रक (अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये), दो एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत 20 हजार रुपये) तथा ट्रक में रखा घरेलू सामान (अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये) भी जब्त किया है।
इस संबंध में थाना नारायणगढ़ पर अपराध क्रमांक 217/26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी नारायणगढ़ सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।