पुलिस का बड़ा अभियान: 25 ठिकानों पर एक साथ दबिश, 11 अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त, 7 गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा/सज्जनगढ़। क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कसारवाड़ी थाना पुलिस ने शनिवार को व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी कुशलगढ़ के सुपरविजन में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ 25 स्थानों पर दबिश देकर कई अहम कार्रवाइयों को अंजाम दिया।

अभियान के दौरान पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत 7 गैर-सायलान व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। वहीं अवैध शराब निर्माण के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए 11 महुआ शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया गया तथा मौके पर मिले करीब 500 से 600 लीटर महुआ वॉश को नष्ट कर दिया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत 6 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त संपत्ति संबंधी पुराने मामलों में चालानशुदा 7 आरोपियों से पूछताछ कर उन्हें बीएनएसएस की धारा 129 के तहत पाबंद कराया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post