स्कूल समय में छात्रा को किराए के मकान पर बुलाने का आरोप, ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़कर पुलिस को सौंपा; छात्रा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज, शिक्षक एपीओ
डीएस सेवन न्यूज भदेसर (चित्तौड़गढ़)। चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कन्नौज से शिक्षक और छात्रा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद एक बार फिर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। इससे पहले भी जिले में शिक्षकों से जुड़े विवाद राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा का विषय बन चुके हैं।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में कार्यरत द्वितीय श्रेणी अध्यापक संतोष मीणा पर आरोप है कि उन्होंने स्कूल समय के दौरान विद्यालय की एक छात्रा को अपने किराए के मकान पर बुलाया। इसकी जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को अपने साथ पुलिस चौकी ले गई। इस दौरान शिक्षक के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई होने की भी जानकारी सामने आई है।
भदेसर थाना अधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। छात्रा को उसके परिजन अपने साथ ले गए। बाद में छात्रा की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम के करीब दो घंटे बाद तक विभागीय अधिकारियों को मामले की जानकारी नहीं थी। बाद में स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार संबंधित शिक्षक उस समय ओबीसी जनगणना की ड्यूटी में भी तैनात था। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को एपीओ (Awaiting Posting Order) कर दिया है।
गौरतलब है कि यह चित्तौड़गढ़ जिले में शिक्षकों से जुड़ा पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी जिले के कुछ शिक्षक विवादित और अशोभनीय मामलों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं, जिस समय शिक्षक का एक अश्लील वीडियो वायरल हुआ था जिसके बाद जिले में शिक्षा विभाग की कड़ी निंदा हुई थी वही मामला शिक्षा मंत्री तक भी पहुंचा था
जिसके चलते एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने छात्रा की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News