चित्तौड़गढ़ दक्ष हॉस्पिटल की लापरवाही डिलीवरी के बाद बिगड़ी महिला की तबीयत, जांच में पेट के अंदर मिला कपड़ा



चित्तौड़गढ़: सिजेरियन के बाद महिला के पेट में रह गया ऑपरेशन का कपड़ा, जांच में खुलासा होने पर कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

अहमदाबाद में दोबारा ऑपरेशन कर निकाला गया मोप, परिजनों का आरोप—लापरवाही से संक्रमण फैला, इलाज में करीब 15 लाख रुपये खर्च
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले के कुंभानगर स्थित दक्ष हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के दौरान कथित चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑपरेशन के समय मेडिकल टीम महिला के पेट के अंदर इस्तेमाल किया गया ऑपरेशन मोप (कपड़ा) छोड़ गई। इसके कुछ दिनों बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। बाद में अहमदाबाद के एक अस्पताल में जांच के दौरान पेट में कपड़ा होने का पता चला, जिसे दोबारा ऑपरेशन कर बाहर निकाला गया।

पीड़िता के पति लोकेश चौधरी के अनुसार, उनकी पत्नी जया चौधरी को 2 मई को गर्भावस्था में जटिलता होने पर कुंभानगर स्थित दक्ष हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टर प्रतिभा सनाढ्य ने जांच के बाद तत्काल सिजेरियन डिलीवरी की सलाह दी। उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे ऑपरेशन किया गया, जिसमें आठ माह की गर्भावस्था के दौरान बेटे का जन्म हुआ। उपचार के बाद 6 मई को मां और नवजात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल से घर लौटने के करीब दस दिन बाद महिला के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। शुरुआत में चित्तौड़गढ़ में इलाज कराया गया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर उन्हें अहमदाबाद ले जाया गया। वहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल किया गया कपड़ा होने की पुष्टि की। इसके बाद दोबारा सर्जरी कर उसे बाहर निकाला गया।

लोकेश चौधरी का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी के शरीर में गंभीर संक्रमण फैल गया। संक्रमण के चलते बड़ी आंत प्रभावित हुई और लिवर को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि अब तक इलाज पर करीब 15 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।

मामले की शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार को मेडिकल विशेषज्ञों की टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट में यदि अस्पताल या चिकित्सकों की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post