4 साल से बंद छात्रसंघ चुनाव: जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआई कार्यकर्ता, आखिरी बार 2022 में हुए थे चुनाव; क्या इस बार होगी बहाली?

डीएस सेवन न्यूज जयपुर। राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। राजधानी जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन स्थित पानी की टंकी पर एनएसयूआई के तीन कार्यकर्ता चढ़ गए और छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भी आवाज उठाई।

पानी की टंकी पर चढ़ने वाले कार्यकर्ताओं में विजयपाल कुड़ी, विनय जाट और कौसिन खान शामिल हैं। तीनों ने हाथों में बैनर लेकर छात्रसंघ चुनाव की बहाली की मांग की और कहा कि वर्ष 2022 के बाद से चुनाव नहीं कराए गए हैं, जिससे छात्रों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।

एनएसयूआई का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक नेतृत्व तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और लंबे समय से चुनाव नहीं होने से छात्रों को प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिल रहा है। संगठन का आरोप है कि कई बार धरना-प्रदर्शन करने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज का भी विरोध किया और सरकार से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की घोषणा नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

हालांकि प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध दर्ज कराने की इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रही बहस को चर्चा के केंद्र में ला दिया है


क्या इस बार होंगे राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव?

फिलहाल छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में चुनाव कब होंगे, इस पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि लगातार हो रहे छात्र आंदोलनों के बीच यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में प्रमुख चर्चा का विषय बन गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post