पंजाब के माछीवाड़ा से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र पर अपने ही प्रिंसिपल पर हमला करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि स्कूल में अनुशासन को लेकर हुई फटकार के बाद छात्र ने छुट्टी के समय प्रिंसिपल का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने छात्र को अनुशासनहीनता और स्कूल के नियमों का पालन नहीं करने को लेकर समझाइश दी थी। बताया गया कि छात्र के टैटू, हेयर स्टाइल और स्कूल में उसके व्यवहार को लेकर प्रिंसिपल ने उसे नियमों का पालन करने की सलाह दी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि छात्र ने इस बात से नाराज होकर स्कूल की छुट्टी के बाद प्रिंसिपल को रास्ते में रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। घटना के दौरान मौजूद एक अन्य छात्र ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
Tags
Breaking News