CBN की बड़ी कार्रवाई: 5 KM तक पीछा कर 202.400 किलो डोडाचूरा जब्त, खेत में भागा तस्कर गिरफ्तार

CBN की बड़ी कार्रवाई: 5 KM तक पीछा कर 202.400 किलो डोडाचूरा जब्त, खेत में भागा तस्कर गिरफ्तार


सुसनेर-पिड़ावा मार्ग पर सालरिया के पास कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप भी जब्त; NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीएस सेवन न्यूज नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 202.400 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो पिकअप भी जब्त कर ली गई। यह कार्रवाई सीबीएन की इंदौर और गरोठ P&I सेल की संयुक्त टीम ने सुसनेर-पिड़ावा मार्ग पर ग्राम सालरिया के पास की।

सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप में अवैध मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने 24 जुलाई को सालरिया के समीप नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पिड़ावा की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की।

इसके बाद सीबीएन टीम ने करीब चार से पांच किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक चलती गाड़ी से कूदकर पास के खेतों की ओर भागने लगा। चालक के कूदने के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक नाले में जा घुसी। अधिकारियों ने तत्काल खेतों में पैदल पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 10 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 202.400 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। सीबीएन ने मादक पदार्थ के साथ बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसी अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post