बड़ीसादड़ी डकैती की वारदात से पहले पुलिस की त्वरित कार्रवाई 1 आरोपी को किया गिरफ्तार, देशी पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस व कार जब्त 4 नामजद

डकैती की साजिश नाकाम: बड़ीसादड़ी पुलिस ने एक आरोपी दबोचा, पिस्टल-कारतूस व कार जब्त, चार फरार नामजद

डीएस सेवन चित्तौड़गढ़, 4 अगस्त। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त टॉयोटा इटियोस कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिन्हें प्रकरण में नामजद कर उनकी तलाश की जा रही है

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
3 अगस्त 2026 को एएसआई लीलाराम पुलिस जाप्ते के साथ सर्कल गश्त के दौरान पारलिया-कीरतपुरा रोड स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचे। यहां सड़क किनारे खड़ी सफेद रंग की टॉयोटा इटियोस कार में पांच व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखकर सभी खेतों की ओर भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसने पूछताछ में अपना नाम आहीद पुत्र अकरम खान निवासी अलीपुरा मस्जिद के पास, भोपालपुरा मठ, थाना भोपालपुरा, जिला उदयपुर हाल निवासी राजसमंद बताया।

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो गियर बॉक्स के पास एक धारदार चाकू तथा डैशबोर्ड के अंदर मैगजीन सहित एक देशी पिस्टल मिली, जिसमें चार जिंदा कारतूस थे। पुलिस ने हथियार और कार को नियमानुसार जब्त कर आरोपी आहीद को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके चार फरार साथियों के नाम-पते के आधार पर उन्हें प्रकरण में नामजद करते हुए गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मामले की जांच जारी है।

आपराधिक रिकॉर्ड: गिरफ्तार आरोपी आहीद के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें न्यायालय में विचारण लंबित है।
पुलिस टीम: एएसआई लीलाराम, कांस्टेबल राकेश कुमार, दिनेश कुमार, बाबूलाल, राकेश, ओमप्रकाश एवं नानूराम।

Post a Comment

Previous Post Next Post