वेयरहाउस के पास 11.7 किलो अफीम के साथ महिला गिरफ्तार, 58.50 लाख की खेप बरामद; सप्लायर की तलाश तेज
डीएस सेवन न्यूज नीमच। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 11 किलो 700 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख 50 हजार रुपये है। मामले में पुलिस ने अफीम उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति को सह-आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस टीम नियमित गश्त के दौरान आमरोड दरक वेयरहाउस के सामने बंद पड़ी वेल्डिंग गुमटी के पास पहुंची थी। यहां एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में नजर आई। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम ममता उर्फ बंटी (40), निवासी बोरखेड़ी पानडी बताया। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर पंचों की मौजूदगी में मादक पदार्थ को जब्त कर महिला को हिरासत में लिया। बरामद अफीम का वजन 11 किलो 700 ग्राम पाया गया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उक्त अफीम उसे शांतिलाल पिता नारूलाल मीणा, निवासी रावण रूंडी, नीमच सिटी ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद पुलिस ने शांतिलाल को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया है।
महिला के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है, जबकि कथित सप्लायर के खिलाफ धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अफीम की सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। फरार बताए जा रहे सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
यह कार्रवाई एसपी राजेश व्यास के निर्देशन में, एएसपी हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा नीमच सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
Tags
Breaking News