कल स्कूल में राधा बनकर झूमी 15 साल की भावना, आज हमेशा के लिए थम गईं धड़कनें

कल स्कूल में राधा बनकर झूमी 15 साल की भावना, आज हमेशा के लिए थम गईं धड़कनें
नीमच के भंवरासा में करंट लगने से छात्रा की मौत, सौंधिया राजपूत समाज में शोक की लहर

नीमच (मध्यप्रदेश)। नीमच जिले के भंवरासा गांव से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। महज 15 साल की होनहार छात्रा भावना सौंधिया की करंट लगने से असामयिक मौत हो गई। भावना की अचानक मौत की खबर से परिवार के साथ पूरा गांव और सौंधिया राजपूत समाज गहरे सदमे में है।

जानकारी के मुताबिक, भंवरासा निवासी केशर सिंह सौंधिया की 15 वर्षीय बेटी भावना शुक्रवार शाम घर में काम कर रही थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब भावना का शव परिजनों को सौंपा गया तो गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

जन्माष्टमी पर बनी थी राधा, शानदार नृत्य ने जीता था सबका दिल

भावना पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे रहती थी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उसने विद्यालय में राधा का किरदार निभाया था। मंच पर उसके नृत्य और प्रस्तुति की सराहना की गई थी।

हादसे के बाद विद्यालय में भी शोक का माहौल है। शिक्षकों और सहपाठियों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल है कि जिस छात्रा को उन्होंने कल ही मंच पर राधा के रूप में नृत्य करते देखा था, वह अब कभी विद्यालय नहीं लौटेगी।

अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध

भावना की मौत की खबर फैलते ही भंवरासा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। सौंधिया राजपूत समाज के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।

हादसे को लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

DS7NEWS NETWORK की ओर से दिवंगत भावना को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post