उदयपुर में अलसुबह पुलिस का बड़ा एक्शन: 156 गिरफ्तार, 572 ठिकानों पर दबिश; 180 पावर बाइक जब्त
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए उदयपुर जिला पुलिस ने गुरुवार अलसुबह जिलेभर में एक साथ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस की 108 टीमों में शामिल 610 जवानों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 572 ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान पुलिस ने 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 180 पावर बाइक जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई का फोकस NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों के आरोपियों के साथ-साथ हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधी, वारंटी, पूर्व में चालानशुदा आरोपियों और बॉडी ऑफेंस से जुड़े बदमाशों पर रहा। पुलिस टीमों ने संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर आरोपियों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई और पूछताछ की।
अभियान के दौरान 2 हार्डकोर अपराधियों और 82 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर भी दबिश दी गई। पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों के साथ संपत्ति से जुड़ी जानकारी भी जुटाई।
वहीं जिलेभर में संदिग्ध वाहनों के साथ बिना नंबर और अवैध वाहनों की सघन चेकिंग की गई। कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी बढ़ाना रहा।
यह पूरा अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश औझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई के सुपरविजन में चलाया गया।
Tags
Breaking News