सादे कपड़ों में उतरी महिला पुलिस, 6 मनचले दबोचे; कई इलाकों में चला डिकॉय ऑपरेशन
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 13 सितंबर 2026। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शनिवार शाम कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे कपड़ों में डिकॉय ऑपरेशन किया। इस दौरान महिलाओं व बालिकाओं को परेशान करने, फब्तियां कसने और पीछा करने जैसी गतिविधियों पर नजर रखी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 मनचलों को गिरफ्तार किया।
ऑपरेशन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर सामान्य नागरिकों की तरह तैनात किया गया था। संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उनकी पहचान की गई। पहचान होते ही पास में तैनात पुलिस जाप्ते को सूचना दी गई और टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।
तीन सेक्टर में बांटी गई टीम
डिकॉय ऑपरेशन को व्यवस्थित तरीके से अंजाम देने के लिए पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में एएसआई सत्यनारायण और कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों को तीन सेक्टरों में लगाया गया। महिला पुलिसकर्मियों के आसपास कुछ दूरी पर पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा, ताकि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इन इलाकों में हुई निगरानी
पुलिस टीम ने चामटी खेड़ा चौराहा, भगत सिंह पार्क, कुकड़ा रिसोर्ट-भोईखेड़ा रोड, पुराना पेट्रोल पंप जेल के पास, रेलवे स्टेशन, 10 नंबर गली पुरानी आबादी सेंती और कपासन चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के अनुसार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाने के साथ महिलाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News