अवैध शराब के खिलाफ राजस्थान में आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, 1.19 लाख लीटर वॉश नष्ट; 126 गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर । राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में 14 से 30 सितंबर तक चल रहे अभियान के तहत प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई की जा रही है।
16 सितंबर तक 361 अभियोग दर्ज
अभियान के तहत 16 सितंबर तक प्रदेश में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 361 अभियोग दर्ज किए गए हैं। आबकारी विभाग की कार्रवाई में 126 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई।
विभाग के अनुसार कार्रवाई में 967 लीटर देशी मदिरा, 6655 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 319 लीटर बीयर, 2396 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। जब्त देशी मदिरा की कीमत 2.60 लाख रुपए से अधिक, जबकि भारत निर्मित विदेशी मदिरा की कीमत करीब 66.55 लाख रुपए बताई गई है।
अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए प्रदेशभर में 1,19,090 लीटर वॉश नष्ट की गई। इसके अलावा एक बड़े वाहन और 15 दोपहिया वाहनों समेत कुल 16 वाहन जब्त किए गए।
कई जिलों में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश
आबकारी निरोधक दलों ने विभिन्न जिलों में कार्रवाई की। भीलवाड़ा के आसींद-बनेड़ा फोर्ट क्षेत्र में 4800 लीटर वॉश नष्ट कर एक शराब की भट्टी ध्वस्त की गई और 35 लीटर हथकड़ शराब बरामद हुई। शाहपुरा में 1000 लीटर वॉश नष्ट कर 6 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
भरतपुर में रेलवे पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में अंग्रेजी शराब की विभिन्न ब्रांड की 37 बोतलें बरामद हुईं, जिनमें 5 बोतलें हरियाणा में बिक्री के लिए थीं। चूरू के राजगढ़ में 72 बोतल माल्टा देशी मदिरा तथा अन्य कार्रवाई में 290 पव्वे देशी मदिरा जब्त किए गए।
अजमेर शहर में 48 पव्वे देशी मदिरा जब्त की गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 1000 लीटर वॉश और 4 भट्टियां नष्ट की गईं। ब्यावर में 200 लीटर वॉश और एक पुरानी भट्टी तथा नसीराबाद में 200 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में अवैध मदिरा परिवहन के मामले में एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। रायसिंहनगर में 10 लीटर हथकड़ शराब जब्त करने के साथ 1200 लीटर वॉश और 3 भट्टियां नष्ट की गईं।
नागौर के मेड़ता में 150 लीटर वॉश नष्ट कर 74 लीटर हथकड़ मदिरा और परबतसर में 300 लीटर वॉश नष्ट कर 15 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। डीडवाना में 5 लीटर हथकड़ मदिरा और नावां में 21 पव्वे देशी मदिरा बरामद कर मामले दर्ज किए गए।
18 सितंबर को होगी विभागीय समीक्षा
इसी बीच आबकारी आयुक्त नमित मेहता की अध्यक्षता में 18 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे विभागीय समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित है। बैठक में विशेष निरोधात्मक अभियान के साथ आबकारी राजस्व, बकाया वसूली, आबकारी बंदोबस्त और मदिरा उठाव की समीक्षा की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में विभाग के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, उपायुक्त आबकारी निरोधक दल, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और प्रहराधिकारी संबंधित वीसी कक्षों से शामिल होंगे।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में अवैध मदिरा के खिलाफ नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त जारी है तथा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Tags
Breaking News