गवरी और आदिवासी समाज पर कथित जातिसूचक टिप्पणी, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। मेवाड़ की पारंपरिक लोकनाट्य परंपरा गवरी और आदिवासी समाज के खिलाफ कथित अभद्र एवं जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में गोगुंदा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने गवरी से जुड़े युवकों से विवाद के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी की और घटना का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया था। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को चेनाराम गमेती निवासी भाट, गोगुंदा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह पारंपरिक गवरी आयोजन में शामिल था। 23 सितंबर को चाटियाखेड़ी से गवरी खेलकर गोगुंदा बाईपास लौटते समय काले रंग की थार में सवार एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि व्यक्ति ने गवरी में किए जाने वाले पारंपरिक महिला श्रृंगार और रीति-रिवाजों को लेकर कथित तौर पर मजाक किया। जब उसे गवरी को आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन बताया गया, तो उसने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गवरी माता और आदिवासी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की।
इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली।
साइबर सेल और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और पिन्कु पिता राजकुमार, उम्र 25 वर्ष, निवासी मुहाना, थाना सफीदों, जिला जींद, हरियाणा को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी गिर्वा छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी गोगुंदा प्रवीण सिंह के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाधिकारी प्रवीण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कालूलाल, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक गजराज सिंह शामिल रहे।
Tags
Breaking News