दिनदहाड़े सूने मकानों की रेकी, 15 मिनट में चोरी और फरार; निम्बाहेड़ा-प्रतापगढ़ के दो शातिर नकबजन गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। पिपलियामंडी पुलिस ने दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आदतन अंतरराज्यीय नकबजनों को गिरफ्तार कर दो वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित 4 लाख 62 हजार 150 रुपए का मश्रुका बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में दिन के समय मोटरसाइकिल से घूमकर सूने मकानों की तलाश करते थे। मकान मिलने पर एक आरोपी ताला तोड़कर अंदर घुसता और दूसरा बाहर मोटरसाइकिल पर रहकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता था। पुलिस का कहना है कि दोनों करीब 15 मिनट में वारदात पूरी कर मौके से निकल जाते थे।
48 घंटे में खुला चोरी की दो वारदातों का राज
पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के बालागुढ़ा और उमरिया गांव में 27 सितंबर को सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायतें मिली थीं। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस ने इलाके के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली। लगातार जांच के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस ने मिथुन बाबू उर्फ अलताफ (38), निवासी कच्ची बस्ती निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ और इजराईल उर्फ कालू मोहम्मद (40), निवासी पितलवाड़ी कला, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया।
दोनों मामलों में लाखों का माल बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर बालागुढ़ा की वारदात से 2 लाख 50 हजार 130 रुपए तथा उमरिया की वारदात से 2 लाख 12 हजार 20 रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई। दोनों मामलों से जुड़ा कुल चोरी का माल 4 लाख 62 हजार 150 रुपए का है।
इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 5 लाख 62 हजार 150 रुपए का मश्रुका जब्त किया है।
चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर और उदयपुर तक फैला रिकॉर्ड
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग समय में मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा सहित राजस्थान-मध्यप्रदेश के कई इलाकों में चोरी और नकबजनी की वारदातों में शामिल रहे हैं।
मुख्य आरोपी मिथुन बाबू उर्फ अलताफ के खिलाफ वर्ष 2009 से 2026 तक चोरी, नकबजनी और अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज मिले हैं। वहीं इजराईल उर्फ कालू मोहम्मद के खिलाफ भी राजस्थान के विभिन्न थानों में मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड ICJS पोर्टल के माध्यम से खंगाला।
पिपलियामंडी पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों और चोरी के माल की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पिपलियामंडी थाना पुलिस के साथ साइबर थाना चित्तौड़गढ़ और निम्बाहेड़ा थाना पुलिस की भी भूमिका रही।
Tags
Breaking News