निंबाहेड़ा में पुलिस के हत्थे चढ़ा नशे का बड़ा खेप, 3 ट्रकों से 18 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद; 7 आरोपी गिरफ्तार

निंबाहेड़ा में पुलिस के हत्थे चढ़ा नशे का बड़ा खेप, 3 ट्रकों से 18 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 24 सितंबर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निंबाहेड़ा सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने कुल 1839 किलो 670 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने तीन ट्रक चालकों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर थाना सदर निंबाहेड़ा के सामने अहिरपुरा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान की गई। नाकाबंदी के दौरान तीन 12 चक्का ट्रक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर ट्रकों में सवार चालक और उनके साथी घबराए तथा ट्रकों को आगे निकालने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तीनों वाहनों को अलग-अलग रुकवाकर उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रकों में बने छिपे परिवहन इंतजामों के बीच 59 कट्टों में रखे 515 पैकेटों से 1839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तीनों ट्रकों को भी जब्त कर लिया।

एशियन पेंट और पौधों की आड़ में छिपाया था गांजा

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए मादक पदार्थ को सामान्य माल के बीच छिपाकर रखा था। दो ट्रकों में एशियन पेंट की बाल्टियां और तीसरे ट्रक में नर्सरी के पेड़-पौधे भरे हुए थे। इसी सामान की आड़ में गांजे को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक तस्करी का यह नेटवर्क करीब 1500 किलोमीटर की दूरी तय कर तीन राज्यों को पार करने के बाद चित्तौड़गढ़ पुलिस के सूचना तंत्र की पकड़ में आया।

नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने बताया कि हाईवे पर लगातार नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान तीनों ट्रकों के चालक पुलिस की नाकाबंदी देखकर उन्हें भगाने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रकों को रुकवाया और उनमें सवार लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। कार्रवाई के बाद सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जगदीश (35), सुरेश (26), राजमल उर्फ राजू (30), दिनेश (30), राजकुमार उर्फ राजू (40), बंशीलाल (37) और सद्दाम शेख (34) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

गिरोह की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने गांजा तस्करी के इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन तथा पुलिस उप अधीक्षक निंबाहेड़ा शिव प्रकाश टेलर के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर निंबाहेड़ा संजय शर्मा द्वारा गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई में एसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई डालचंद सहित सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम के जवान शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post