बीएन कॉलेज छात्रा की डूबने से मौत पर सवाल, पिता ने शिक्षक पर लगाए गंभीर आरोप
19 वर्षीय छात्रा की मौत पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, NCC शिक्षक की भूमिका की जांच की मांग
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। बीएन कॉलेज में अध्ययनरत 19 वर्षीय छात्रा वैभवी राजोरा की उदयपुर के लाई गांव स्थित पत्थर की खदान में भरे पानी में डूबने से मौत के बाद मामला गरमा गया है। छात्रा को चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया सांवलियाजी की निवासी बताया जा रहा है। वह उदयपुर में रहकर पढ़ाई के साथ NCC कर रही थी।
मृतका के पिता भेरूलाल राजोरा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को NCC से जुड़े एक शिक्षक खदान क्षेत्र में लेकर गए थे। पिता का दावा है कि उस समय कोई अन्य छात्रा या व्यक्ति उनके साथ नहीं था और शिक्षक छात्रा को अकेले लेकर गए थे। इसके बाद छात्रा की पानी में डूबने से मौत की जानकारी सामने आई।
परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी गई। उनका कहना है कि दो-तीन दिन की छुट्टियां होने के कारण उन्होंने स्वयं बेटी को घर आने के लिए फोन किया था। इसी दौरान उन्हें बेटी के साथ हुए हादसे की जानकारी मिली। इस बात को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं।
मृतका के पिता ने छात्रा की मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई है कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे डूबने से मौत होने की बात कही गई हो सकती है। उन्होंने संबंधित NCC शिक्षक की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल करने की मांग की है।
घटना के बाद मोर्चरी के बाहर साहू तेली समाज के मौतबीरों सहित बड़ी संख्या में समाजजन और परिजन मौजूद हैं। परिजन मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, हत्या, शिक्षक की भूमिका और लापरवाही से जुड़े सभी आरोप फिलहाल परिजनों की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक परिस्थितियां और घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
Tags
Breaking News