निंबाहेड़ा पूर्व मंत्री आंजना समेत 13 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR, नगर परिषद चुनाव में विवाद के बाद हुई कार्रवाई।

थाने में हंगामे के मामले में पूर्व मंत्री आंजना समेत 13 पर FIR, पुलिस से हुई थी तीखी नोकझोंक
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़/निंबाहेड़ा। नगर परिषद चुनाव के बाद निंबाहेड़ा में शुरू हुआ विवाद अब पुलिस केस तक पहुंच गया है। 16 सितंबर को कोतवाली थाने में हुए घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने पूर्व सहकारिता मंत्री एवं कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना समेत 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला 11 सितंबर को नगर परिषद चुनाव के मतदान के बाद वार्ड 19 में हुई मारपीट की घटना से जुड़ा है। इस प्रकरण में पुलिस ने 16 सितंबर को कुछ लोगों को हिरासत में लिया था। हिरासत में लिए गए लोगों को पुलिस कार्रवाई के लिए कोतवाली थाने लाया गया था।

इसकी जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग की। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक बहस और नोकझोंक की स्थिति बनी रही।

बताया गया कि घटनाक्रम करीब तीन घंटे तक चला। बाद में पुलिस उपाधीक्षक शिवप्रकाश टेलर ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद स्थिति शांत हुई और आंजना समर्थकों के साथ थाने से रवाना हो गए।

इन 13 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने मामले में उदयलाल आंजना के अलावा रवि सोनी, बंटी पारख, जावेद खान, गोपाल आंजना, बाबूलाल धाकड़, दिनेश धाकड़, रोमिल चौधरी, मोहम्मद कुरैशी, उस्मान उर्फ कालू, लियाकत खान, जाकिर हुसैन और साजिद अली को नामजद किया है।

पुलिस के अनुसार दर्ज प्रकरण में गैरकानूनी रूप से एकत्र होने, लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल के इस्तेमाल, धमकी देने और जानबूझकर अपमान करने से संबंधित आरोप शामिल हैं।

अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी लेने के साथ घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post