डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। शहर में चल रहे दस दिवसीय गणेशोत्सव के बीच रविवार को बापू बाजार स्थित गणपति पंडाल में उत्सव का सातवां दिन खास रहने वाला है। श्री स्वास्तिक विनायक गणपति मित्र मंडल की ओर से इस दिन भगवान गणेश का विशेष श्रृंगार कर धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
पंडाल में विराजमान ‘उदयपुर चा राजा’ को दूल्हे के रूप में सजाया जाएगा। भगवान गणेश को पीले वस्त्र और साफा धारण करवाने के साथ हाथ में तलवार भी सजाई जाएगी। आयोजन का मुख्य आकर्षण रिद्धि-सिद्धि के साथ गणपति के विवाह समारोह का आयोजन रहेगा।
विवाह समारोह के अवसर पर भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। वहीं पंडाल में फाउंटेन के साथ पुष्पवर्षा और इत्रवर्षा का आयोजन भी होगा। महाआरती के दौरान होने वाली आतिशबाजी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।
धार्मिक माहौल को और भव्य बनाने के लिए कांकरोली के प्रसिद्ध पुष्टिमार्गीय श्री द्वारकाधीश प्रभु मंदिर का बैंड विशेष प्रस्तुति देगा। भजनों और अन्य धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच बापू बाजार का पंडाल देर शाम तक भक्तिमय माहौल में नजर आएगा।
आयोजकों के अनुसार, शाम तक चलने वाले कार्यक्रम में रात 8 बजे महाआरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था रहेगी। आयोजन में करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी तैयार की जा रही है।
विशेष आयोजन को लेकर मंडल के कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वहीं गणपति भक्तों में भी आयोजन को लेकर उत्साह बना हुआ है। ‘उदयपुर चा राजा’ परिवार की ओर से उदयपुरवासियों को सपरिवार आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
Tags
Breaking News