नशा तस्करी में जब्त 31 वाहनों की खुली नीलामी, सरकार को मिली 31.07 लाख की आय
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़.जिले के विभिन्न पुलिस थानों में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जब्त किए गए 31 वाहनों का मंगलवार को नीलामी के जरिए निस्तारण किया गया। निम्बाहेड़ा स्थित वंडर टाउन हॉल में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की निगरानी में खुली बोली आयोजित की गई।
नीलामी में 10 दोपहिया, 15 चौपहिया और 6 भारी वाहन शामिल रहे। सभी 31 वाहनों के लिए बोली प्रक्रिया पूरी होने के बाद उच्चतम बोली स्वीकार की गई। इस पूरी प्रक्रिया से सरकार को करीब 31 लाख 7 हजार 500 रुपये की राजस्व आय हुई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ अफीम उत्पादन क्षेत्र होने के साथ राज्य की सीमा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस द्वारा कई वाहनों को जब्त किया गया है। लंबे समय से जब्त वाहनों के कारण थानों के मालखानों में जगह की समस्या भी सामने आ रही थी। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए अब इन वाहनों का निस्तारण किया जा रहा है।
भारत सरकार के गजट नोटिफिकेशन और पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशों के तहत एनडीपीएस एक्ट के उन प्रकरणों में जब्त वाहनों के प्रस्ताव पुलिस थानों से मंगवाए गए, जिनमें न्यायालय का निर्णय हो चुका था अथवा वाहनों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका था। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वाहनों को खुली बोली के माध्यम से नीलाम किया गया।
नीलामी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति की देखरेख में हुई। समिति में एएसपी गजेन्द्र सिंह जोधा, अपराध सहायक जोधाराम गुर्जर, उप कोषाधिकारी कैलाश भराडिया, कनिष्ठ लेखा अधिकारी और परिवहन निरीक्षक हरगोविंद गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नीलामी में चित्तौड़गढ़ के अलावा उदयपुर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा और मध्यप्रदेश से भी बोलीदाता शामिल हुए। सभी 31 वाहनों की उच्चतम बोली स्वीकार कर संबंधित बोलीदाताओं को आगे की कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जब्त वाहनों के निस्तारण की यह प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tags
Breaking News