चित्तौड़गढ़ 4 नगर निकायों में 79.02% मतदान, बड़ी सादड़ी में सबसे ज्यादा वोटिंग

चार नगर निकायों में 79.02% मतदान, बड़ी सादड़ी में सबसे ज्यादा वोटिंग
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 11 सितंबर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण में जिले के चार नगर निकायों में शुक्रवार को शाम 6 बजे तक 79.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें बड़ी सादड़ी नगर पालिका में सर्वाधिक 85.99 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान विभिन्न केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखा गया। बुजुर्ग, दिव्यांग और युवा मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नगर निकायवार अंतिम उपलब्ध मतदान प्रतिशत

बड़ी सादड़ी नगर पालिका — 85.99 प्रतिशत*

आकोला नगर पालिका — 85.87 प्रतिशत

कपासन नगर पालिका — 84.87 प्रतिशत

निंबाहेड़ा नगर परिषद — 76.03 प्रतिशत


इन आंकड़ों में बड़ी सादड़ी सबसे आगे रही, जबकि निंबाहेड़ा नगर परिषद में सबसे कम 76.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने आकोला एवं कपासन नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों से मतदान की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आकोला में उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भावलियाखेड़ी एवं राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आकोला स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं और मतदान की प्रगति की जानकारी ली।

इसी प्रकार कपासन के अंबेडकर भवन एवं पीएम श्री विद्यालय कपासन स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों से मतदान की स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही मतगणना स्थल एवं स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया।

बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा पर जोर

डॉ. मंजू ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा बुजुर्ग, दिव्यांग और अन्य जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करती है।

चुनाव पर्यवेक्षक ने भी लिया मतदान प्रक्रिया का जायजा

चुनाव पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारहठ ने भी संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर राजेश सुहालका सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
नोट: आकोला, कपासन और निंबाहेड़ा के फाइनल उपलब्ध आंकड़े ऊपर दिए गए हैं। बड़ी सादड़ी का फिलहाल शाम 6 बजे तक का 85.99 प्रतिशत मतदान आंकड़ा ही उपलब्ध हुआ है। इसका अंतिम आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं हुआ है। अंतिम संकलन एवं पुष्टि के बाद बड़ी सादड़ी के मतदान प्रतिशत में मामूली बढ़ोतरी संभव है।

Post a Comment

Previous Post Next Post