प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ 16 दिन का विशेष अभियान, आबकारी विभाग ने कई जिलों में की कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने 14 से 30 सितंबर तक विशेष निरोधात्मक अभियान शुरू किया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विभाग के अनुसार अभियान में अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन और बिक्री को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए नागौर के परबतसर क्षेत्र में 200 लीटर स्प्रिट से भरा ड्रम जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं पाली में रेलवे पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित अंग्रेजी शराब की 50 बोतलें बरामद की गईं।
हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से 31 देशी मदिरा के पव्वे जब्त किए गए। संगरिया आबकारी थाना क्षेत्र में अवैध मदिरा के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह टोंक जिले के मालपुरा में 288 देशी मदिरा के पव्वे जब्त किए गए। देवली क्षेत्र में 9 लीटर अवैध हथकड़ शराब, 308 देशी मदिरा के पव्वे, 29 बीयर केन और 124 अंग्रेजी मदिरा के पव्वे बरामद कर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। केकड़ी के सावर क्षेत्र में भी 52 लीटर अवैध मदिरा जब्त कर मामला दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेशभर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दलों द्वारा अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। विभाग का फोकस अवैध शराब के निर्माण के ठिकानों और तस्करी से जुड़े मामलों पर है।
15 सितंबर को जोधपुर में आबकारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक
इधर, जोधपुर जोन के आबकारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक 15 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया करेंगे।
बैठक में वर्तमान नीतिगत प्रावधानों के तहत राजस्व लक्ष्य, मदिरा उठाव, बकाया वसूली और निरोधात्मक कार्रवाई समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी। बैठक में जोधपुर जोन के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी और निरोधक दल के अधिकारी शामिल होंगे।
यह जानकारी अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन प्रदीप सिंह सांगावत ने दी।
Tags
Breaking News