UPI चार्ज के विरोध में कारोबारियों का विरोध तेज, दिल्ली में दुकानों और पेट्रोल पंपों पर लगे ‘No UPI’ के पोस्टर
दिल्ली-NCR समेत कई जगहों पर कारोबारियों ने जताई नाराजगी, बोले—चार्ज बढ़ा तो डिजिटल पेमेंट से दूरी बढ़ेगी
डीएस सेवन न्यूज नई दिल्ली। UPI लेनदेन पर प्रस्तावित चार्ज को लेकर देशभर में कारोबारियों और विभिन्न संगठनों का विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है। दिल्ली-NCR समेत कई स्थानों पर दुकानों, पेट्रोल पंपों और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों पर ‘No UPI, Only Cash’ के पोस्टर लगाए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं।
दिल्ली के कई पेट्रोल और CNG पंपों पर ग्राहकों को UPI के बजाय कैश या कार्ड से भुगतान करने के लिए कहा जा रहा है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन और ट्रेड यूनियन समेत कई कारोबारी संगठनों ने चार्ज लगाए जाने के फैसले पर आपत्ति जताई है।
कश्मीरी गेट मार्केट में भी लगाए गए ‘No UPI’ पोस्टर
दिल्ली के कश्मीरी गेट मार्केट में कारोबारियों ने UPI ट्रांजेक्शन पर चार्ज के विरोध में अपनी दुकानों पर ‘No UPI’ के पोस्टर लगाए। यह विरोध प्रदर्शन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल के नेतृत्व में किया गया।
कारोबारियों का कहना है कि डिजिटल भुगतान पहले ही रोजमर्रा के कारोबार का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में UPI पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से छोटे और मध्यम कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है।
पेट्रोल पंप संचालकों ने जताई चिंता
पेट्रोल पंप एसोसिएशन की ओर से भी चार्ज को लेकर चिंता जताई गई है। एसोसिएशन का तर्क है कि पेट्रोल और डीजल के कारोबार में पहले से ही मार्जिन सीमित है। ऐसे में अतिरिक्त चार्ज का बोझ पंप संचालकों के लिए उठाना आसान नहीं होगा।
एसोसिएशन के मुताबिक, अगर यह लागत कारोबारियों पर पड़ती है तो इसका असर UPI के जरिए होने वाले लेनदेन पर पड़ सकता है और ग्राहकों को कैश या कार्ड से भुगतान के लिए कहा जाना शुरू हो सकता है।
होलसेल मार्केट के व्यापारी भी विरोध में
दिल्ली के होलसेल मार्केट में भी कारोबारियों ने UPI चार्ज के खिलाफ आवाज उठाई है। कई दुकानदारों ने विरोध स्वरूप ‘No UPI’ के पोस्टर लगाए और इस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
CTI अध्यक्ष बृजेश गोयल ने इसे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में चल रही ‘डिजिटल इंडिया’ की मुहिम के लिए चुनौती बताया। उनका कहना है कि यदि UPI पर अतिरिक्त चार्ज का दबाव बढ़ता है तो इसका असर डिजिटल पेमेंट को अपनाने वाले कारोबारियों और ग्राहकों, दोनों पर पड़ सकता है।
फिलहाल UPI चार्ज के मुद्दे पर कारोबारी संगठनों का विरोध लगातार सामने आ रहा है। आने वाले दिनों में यह विरोध किस रूप में आगे बढ़ता है, इस पर कारोबारियों और ग्राहकों की नजर बनी हुई है।
Tags
Breaking News