डुप्लीकेट चाबी से 5 मिनट में 75 लाख का डंपर चोरी, 350 CCTV खंगालकर अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची पुलिस
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़,। राशमी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपए कीमत के नए डंपर की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने 350 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर चोरी के डंपर को आनंद, गुजरात के पास एक गोदाम के बाहर से बरामद कर लिया। मामले में डंपर चोरी करने और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की मध्यरात्रि पहुना स्थित नायरा पेट्रोल पंप के बाहर खड़ा नया डंपर चोरी हो गया था। डंपर की कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई गई। रिपोर्ट के मुताबिक, अज्ञात बदमाशों ने डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर महज करीब पांच मिनट में डंपर चोरी कर लिया। आरोप है कि वाहन का GPS भी हैक किया गया, जिसके बाद बदमाश डंपर लेकर फरार हो गए।
मामले की रिपोर्ट 15 सितंबर को डंपर मालिक कैलाश चंद्र गुर्जर निवासी दौलतपुरा, भीलवाड़ा ने राशमी थाने में दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और गंगरार वृत्ताधिकारी उदयसिंह के निर्देशन में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में राशमी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीम गठित की गई।
350 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप से लेकर डंपर के संभावित रूट तक नीमच, मंदसौर, जावरा, गोधरा और आनंद (गुजरात) सहित विभिन्न स्थानों के 350 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई। फुटेज का बारीकी से विश्लेषण करने के साथ तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस का सहारा लिया गया।
जांच में पुलिस को नियाज खान निवासी गुजरात और उसके दो साथियों की भूमिका सामने आने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और चोरी के डंपर को जावरा, मध्यप्रदेश से आगे ले जाया गया।
10 दिन तक लगातार आरोपियों की रेकी
पुलिस टीम करीब 10 दिनों तक CCTV फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखती रही। आरोपियों की रेकी के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्थानीय माहौल के अनुरूप मुस्लिम वेशभूषा और टोपी का इस्तेमाल कर पहचान छिपाते हुए निगरानी रखी।
लगातार पीछा किए जाने के बाद आरोपी चोरी के डंपर को आनंद, गुजरात के पास एक गोदाम के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने डंपर को बरामद कर लिया है और मामले से जुड़े आरोपियों को नामजद किया गया है।
कई राज्यों में डंपर चोरी का शक
पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच और CCTV फुटेज से संकेत मिले हैं कि नियाज खान और उसके साथी चित्तौड़गढ़, राजसमंद, मध्यप्रदेश सहित अन्य स्थानों से भी डंपर चोरी की वारदातों में शामिल हो सकते हैं। चोरी किए गए वाहनों को गुजरात के छोटा उदयपुर और आनंद क्षेत्र में बेचने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह की अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त को लेकर और खुलासे होने की संभावना है। मामले में अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम
राशमी थाना पुलिस: थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर, एएसआई धूडाराम, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल अर्जुन, मनोज और सुभाष।
जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम): प्रभारी रामावतार, सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, पदम कुमार, राकेश, मनीष कुमार, साहिल गुर्जर और पुरखाराम।
Tags
Breaking News