रतलाम में कपास और मक्का की फसल के बीच छिपा रखी थी गांजे की खेती, पुलिस ने मारा छापा; 127 पौधे जब्त, दो गिरफ्तार
शिवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खेत से 17 किलो से अधिक गांजे के पौधे बरामद; करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई कीमत
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम जाम्बुकुड़ी में कपास और मक्का की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने खेत में दबिश देकर गांजे के 127 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 17 किलो 25 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस को देखकर भागने लगे खेत में काम कर रहे दो युवक
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को शिवगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जाम्बुकुड़ी निवासी प्रभुलाल पारगी के खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खेत की घेराबंदी कर दबिश दी गई तो वहां दो व्यक्ति काम करते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पंचों और पुलिस बल की सहायता से उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों की पहचान प्रभुलाल पिता रखमा पारगी (35), निवासी जाम्बुकुड़ी और प्रकाश पिता विश्राम देवधा (29), निवासी मनासा, हाल निवासी जाम्बुकुड़ी के रूप में हुई।
कपास और मक्का के बीच अलग-अलग जगह लगाए थे पौधे
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे वाले खेत की तलाशी ली तो कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में पौधों की गिनती करवाई।
इस दौरान कुल 127 पौधे बरामद हुए, जिनका वजन 17.025 किलोग्राम पाया गया। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
शिवगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब अवैध खेती से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में की गई।
एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (आईपीएस) के नेतृत्व में शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, विक्रमसिंह घोसरे, रघुवीर सिंह, आरक्षक अनिल सूर्यवंशी, मनीष खराड़ी, महिला आरक्षक सावित्री मकवाने और रेणु डावर शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना जारी है और गांजे की अवैध खेती से संबंधित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
Tags
Breaking News