चित्तौड़गढ़ चंबल पुल पर स्कूटर खड़ा कर 12वीं की छात्रा ने लगाई छलांग, अंधेरा और मगरमच्छ बने रेस्क्यू में बड़ी चुनौती

प्रोजेक्ट का सामान लेने निकली 17 वर्षीय छात्रा चंबल में कूदी, मगरमच्छों की मौजूदगी से बढ़ी चुनौती
डीएस सेवन न्यूज रावतभाटा। चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा से बुधवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई। ननिहाल में रहकर 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही 17 वर्षीय प्रांजल उर्फ प्राची ने चंबल नदी पर बने पुल से छलांग लगा दी। छात्रा घर से स्कूल प्रोजेक्ट का सामान लेने की बात कहकर निकली थी। इसके लिए उसने अपनी नानी से पैसे लिए और पड़ोसी की स्कूटर लेकर रवाना हुई थी।

बताया जा रहा है कि छात्रा चंबल पुल पर पहुंची और स्कूटर पुल पर खड़ी करने के बाद अचानक नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखी तो शोर मचाकर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में छात्रा की तलाश शुरू की।

हालांकि देर शाम अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। मौके पर चंबल नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी की बात भी सामने आई है। बताया गया कि जिस स्थान से छात्रा ने छलांग लगाई, वहां पुल के नीचे मगरमच्छ रहते हैं। इससे रेस्क्यू टीम के लिए नदी में उतरकर तलाश करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

कोटा से SDRF टीम पहुंची, फिर शुरू हुई तलाश

अंधेरा होने के बाद बुधवार रात रेस्क्यू रोक दिया गया था। छात्रा की तलाश के लिए कोटा से SDRF टीम को बुलाया गया है। सुबह टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल नदी में छात्रा की तलाश जारी है।

परिजनों के अनुसार छात्रा के पिता विदेश में काम करते हैं। घटना के बाद परिवार में चिंता और मातम का माहौल है। छात्रा चंबल नदी में किस वजह से कूदी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस और प्रशासन की ओर से रेस्क्यू के साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post