नशे की बड़ी खेप पकड़ी, बाइक से डोडाचूरा और प्रतिबंधित गोलियों के 1295 पत्ते बरामद, नीमच का तस्कर गिरफ्तार

 मंदसौर में नशे की बड़ी खेप पकड़ी, बाइक से डोडाचूरा और प्रतिबंधित गोलियों के 1295 पत्ते बरामद, नीमच का तस्कर गिरफ्तार

नारायणगढ़ पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई, 5 किलो 290 ग्राम डोडाचूरा सहित करीब 1.92 लाख रुपए का माल जब्त
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 290 ग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा और प्रतिबंधित दवाओं की 1295 पत्तियां बरामद की हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार 25 अक्टूबर को नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में पिपलिया मंडी रोड स्थित सगस बावजी मंदिर के पास बरखेड़ा वीरपुरिया फंटे पर पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल डामोर और पुलिस टीम ने टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP44 ZB 2375 की जांच की। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार के कब्जे से डोडाचूरा और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं की गोलियां बरामद हुईं।

डोडाचूरा के साथ तीन प्रकार की गोलियां बरामद

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 5.290 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा, अल्प्राजोलम टैबलेट के 1200 पत्ते, ट्रामाडोल टैबलेट के 20 पत्ते और टीपी डोल टैबलेट के 75 पत्ते जब्त किए गए। जब्त डोडाचूरा की कीमत 10 हजार 580 रुपए, अल्प्राजोलम की एक लाख रुपए, ट्रामाडोल की 6 हजार रुपए और टीपी डोल की 15 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपए कीमत का रियलमी नार्जो मोबाइल भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 91 हजार 580 रुपए है।

नीमच के जावद का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मौके से ताहिद (40) पुत्र नबी नूर मोहम्मद, निवासी रामद्वारा गली, जावद, जिला नीमच को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नारायणगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 342/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 22 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा और प्रतिबंधित दवाओं की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

 एसपी के निर्देशन में नारायणगढ़ पुलिस की कार्रवाई

यह कार्रवाई मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और मल्हारगढ़ एसडीओपी पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में की गई। नारायणगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल डामोर सहित पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post