पंचायत चुनाव से पहले प्रशासन अलर्ट: जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील मतदान केंद्रों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा। पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने छोटी सरवन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष नजर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने छायनबड़ी, नापला, नादिया और कोईवाव (दौलतपुरा) सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा में लापरवाही नहीं, समय पर पूरी हों तैयारियां
निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी की जाएं। मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान उपखंड अधिकारी रामकुमार वर्मा, विकास अधिकारी वाल सिंह राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags
Breaking News