चस्का बार में वकीलों पर सरिए-बोतलों से हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। सविना थाना क्षेत्र स्थित चस्का बार रेस्टोरेंट में दो वकीलों के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर लोहे के सरिए और बोतलों से हमला करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को एडवोकेट निलेश शर्मा और अनिल मीणा बर्थडे पार्टी की बुकिंग के सिलसिले में चस्का बार रेस्टोरेंट पहुंचे थे। इसी दौरान काउंटर के पास मौजूद कुछ लोगों से धीमी आवाज में बात करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अनिल मीणा के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
अनिल के साथ हो रही मारपीट को रोकने के लिए निलेश शर्मा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। घटना के संबंध में सविना थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 346/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने चमन सिंह, देवेन्द्र उर्फ छोटू और मनोज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं।
सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक भी गिरफ्तार
घटना के बाद सोशल मीडिया पर अशोभनीय और उकसाने वाली टिप्पणी करने के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में सविना निवासी चन्दन सिंह (23) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने प्रकरण संख्या 349/2026 दर्ज कर तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन तथा सविना थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।