बेगूं में नाकाबंदी देख भागे तस्कर, कारें छोड़कर फरार; 3.59 किलो अफीम दूध और 86.08 किलो डोडाचूरा बरामद
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़/बेगूं, 3 अक्टूबर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बेगूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंदाखेड़ी-जोगणियामाता रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर दो कारों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों कारों की तलाशी ली तो उनमें 3 किलो 590 ग्राम अफीम दूध और 86 किलो 80 ग्राम डोडाचूरा मिला।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चंदाखेड़ी से जोगणियामाता रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ग्रांड आई-10 स्पोर्ट्स और स्विफ्ट कार तेज गति से वहां से निकलने लगीं। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों का पीछा किया। कुछ दूरी पर चालक कारें छोड़कर मौके से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 86 किलो 80 ग्राम डोडाचूरा और 3 किलो 590 ग्राम अफीम दूध बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल दोनों कारों को जब्त कर लिया।
कार चालकों के मौके से फरार होने के बाद पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
मामले में बेगूं थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, उसके संभावित गंतव्य और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में, एएसपी रावतभाटा गोपालसिंह कानावत के मार्गदर्शन, डीएसपी बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन और थानाधिकारी चम्पाराम के निर्देश पर गठित टीम ने की। टीम में उप निरीक्षक सीताराम सहित पुलिसकर्मी सुरेन्द्र, रमेश, विजय, कमलेश, प्रवीण और राजेन्द्रसिंह शामिल रहे।
Tags
Breaking News