उदयपुर स्कूल में लगा स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञों ने कैंसर और PCOD से बचाव के बताए तरीके

स्कूल में लगा स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञों ने कैंसर और PCOD से बचाव के बताए तरीके
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। रकमपुरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों और आमजन के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कंस्यूमर प्रोटेक्शन आर्गेनाईजेशन और लायंस क्लब उदयपुर मेवाड़ गौरव के संयुक्त आयोजन में स्वास्थ्य जांच के साथ विद्यार्थियों को गंभीर बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में AIIMS उदयपुर के जनरल सर्जरी विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. (ले. कर्नल) संगीता तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और बचाव के महत्व की जानकारी दी। इसके साथ ही ब्रेस्ट कैंसर और PCOD से संबंधित जरूरी बातों को भी विद्यार्थियों के सामने रखा।

डॉ. तिवारी ने मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर भी विद्यार्थियों को सावधान किया। उन्होंने मोबाइल का उपयोग सीमित और निर्धारित समय तक करने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए संतुलित दिनचर्या और अच्छी आदतों को अपनाना जरूरी है।

शिक्षा के साथ संस्कार और स्वास्थ्य पर भी जोर

कंस्यूमर प्रोटेक्शन आर्गेनाईजेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और अच्छे स्वास्थ्य को जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बच्चों को माता-पिता और परिवार के प्रति सम्मान रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

नेत्र और दांतों की भी हुई जांच

शिविर के दौरान विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण डॉ. नरपत सिंह राजपुरोहित ने किया, जबकि डॉ. हितांश पुजारी ने दंत परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। विद्यार्थियों को नियमित नेत्र एवं दंत जांच, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में लायंस क्लब उदयपुर मेवाड़ गौरव की अध्यक्ष लायन डॉ. कल्पना शर्मा, सचिव लायन सी.पी. शर्मा, विमल जी सहित क्लब एवं उपभोक्ता सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर लायन डॉ. कल्पना शर्मा ने चिकित्सकों, अतिथियों, विद्यालय परिवार और सहयोगियों का आभार जताया। कार्यक्रम संयोजक एवं उपभोक्ता सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष प्रवीण नाहर ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के साथ लोगों में स्वास्थ्य और उपभोक्ता जागरूकता को बढ़ावा देना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post