राजस्थान पंचायत चुनाव में हार के बाद बवाल! 34 वोटों से हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने किया पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल, 50 से ज्यादा हिरासत में

राजस्थान पंचायत चुनाव में हार के बाद बवाल! 34 वोटों से हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने किया पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल, 50 से ज्यादा हिरासत में

बीकानेर के केला गांव में सरपंच चुनाव के नतीजों के बाद बिगड़े हालात, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
डीएस सेवन न्यूज बीकानेर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 के पहले चरण के परिणाम सामने आने के साथ ही कुछ स्थानों पर चुनावी तनाव की घटनाएं सामने आई हैं। बीकानेर जिले के छतरगढ़ उपखंड के ग्राम केला में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होते ही माहौल गरमा गया। महज 34 वोटों से हार के बाद दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव में बदल गया। अचानक हुई पत्थरबाजी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चुनाव ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

चुनावी नतीजे आते ही बिगड़ा माहौल

जानकारी के अनुसार, ग्राम केला में सरपंच पद के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। चुनाव में 34 वोटों के अंतर से हुई हार के बाद तनाव इतना बढ़ गया कि मौके पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुए पथराव से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को तत्काल मोर्चा संभालना पड़ा।

 पुलिस पर भी बरसाए पत्थर, हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा

चुनावी विवाद के दौरान हुए पथराव में ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। घटना के बाद प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

50 से ज्यादा लोग हिरासत में, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी पवन कुमार और छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करते हुए 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

फिलहाल गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि चुनावी रंजिश के चलते दोबारा तनाव की स्थिति पैदा न हो।

DS7NEWS.com | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026

Post a Comment

Previous Post Next Post