चित्तौड़गढ़ नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, निम्बाहेड़ा में सादे कपड़ों में उतरी महिला पुलिस, 3 युवक डिटेन

नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, निम्बाहेड़ा में सादे कपड़ों में उतरी महिला पुलिस, 3 युवक डिटेन
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा पांडालों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस अलर्ट मोड पर है। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन 'शक्ति सुरक्षा अभियान' के तहत पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है। निम्बाहेड़ा और बेगूं में महिला पुलिसकर्मियों ने सादे कपड़ों में डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस दौरान निम्बाहेड़ा में तीन युवकों को डिटेन किया गया। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

निम्बाहेड़ा में पांच स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन और एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में बुधवार शाम निम्बाहेड़ा कस्बे के पांच प्रमुख क्षेत्रों में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने आम महिलाओं की तरह सादे कपड़ों में तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अम्बामाता मंदिर परिसर, विवेकानंद सर्कल, कल्याण चौक, नेहरू पार्क, मंडी चौराहा, बस स्टैंड, जावद दरवाजा, पीपल चौक, मोती बावजी रोड, कैंची चौराहा और माल गोदाम रोड सहित विभिन्न स्थानों पर निगरानी की गई।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को डिटेन किया। इनमें वीररिया खेड़ी निवासी आसिफ (26), ऊंचा निवासी सोहेल (22) और प्रतापगढ़ जिले के कारुंडा निवासी पंकज पाटीदार (19) शामिल हैं।

बेगूं के गरबा स्थलों पर भी सादे कपड़ों में तैनात रही महिला पुलिस

निम्बाहेड़ा के साथ बेगूं कस्बे में भी पुलिस ने विशेष निगरानी अभियान चलाया। सब इंस्पेक्टर चंद्रा कंवर के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने लालबाई-फूलबाई चौक गरबा स्थल, जूनी बेगूं गरबा स्थल और नया बस स्टैंड क्षेत्र में डिकॉय ऑपरेशन किया।

महिला पुलिसकर्मियों ने सादे कपड़ों में रहकर गरबा आयोजनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी।

एसपी धर्मेंद्र सिंह खुद पहुंचे सुरक्षा व्यवस्था देखने

महिला सुरक्षा अभियान के बीच जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम चित्तौड़गढ़ शहर के भोईखेड़ा, नाडोलिया, गांधीनगर और चांमटीखेड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया।

इस दौरान उनके साथ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और क्यूआरटी टीम भी मौजूद रही। एसपी ने गरबा आयोजनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। विभिन्न गरबा समितियों की ओर से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का स्वागत भी किया गया।

गरबा पांडालों में नियमित गश्त, महिलाओं को दी जा रही सुरक्षा की जानकारी

पुलिस की ओर से नवरात्रि के दौरान गरबा पांडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त की जा रही है। महिला पुलिसकर्मी महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक कर रही हैं।

अभियान के दौरान आपातकालीन सहायता नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के साथ राजकॉप सिटीजन एप की जानकारी भी दी जा रही है।

महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की नजर

चित्तौड़गढ़ पुलिस के अनुसार, डिकॉय ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और गरबा आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को परखना तथा अनुचित व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखना है।

जिला पुलिस नवरात्रि के दौरान विशेष गश्त, निगरानी और जागरूकता अभियानों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

चित्तौड़गढ़ पुलिस का संदेश स्पष्ट है—महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास सर्वोपरि है।

Post a Comment

Previous Post Next Post