चित्तौड़गढ़ में युवक की मौत से उबाल, चंदेरिया बंद; आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन

प्रभुलाल की मौत के बाद चंदेरिया में आक्रोश, बाजार बंद कर सड़क पर उतरे लोग

पुलिस चौकी के बाहर धरना देकर जताया विरोध, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की मांग; परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी उठाई आवाज
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। चंदेरिया में मारपीट के बाद घायल हुए प्रभुलाल की उदयपुर में उपचार के दौरान मौत होने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। युवक की मौत की खबर के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। विरोध में चंदेरिया के बाजार बंद करवाए गए और पुलिस चौकी के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और लोगों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

होटल पर विवाद के बाद हुई थी मारपीट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को प्रभुलाल अपने दोस्तों के साथ चंदेरिया थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ा रोड स्थित एक होटल पर खाना खाने गया था। वहां कुछ युवकों के साथ विवाद होने के बाद उसके साथ मारपीट हुई। घायल प्रभुलाल को उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ के राजकीय सांवलिया जी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान प्रभुलाल ने दम तोड़ दिया।

मौत की खबर के बाद बंद करवाए बाजार

प्रभुलाल की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों ने चंदेरिया में बाजार बंद करवाकर पुलिस चौकी के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर अपना विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर एकत्रित हुए। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतारें लग गईं।

बुलडोजर कार्रवाई और सरकारी नौकरी की मांग

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर समझाइश देने और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। युवक की मौत के बाद क्षेत्र में उपजे तनाव के बीच लोगों की मांगों और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post