पंचायत चुनाव: विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में संभाला मोर्चा, गांव-गांव जनसभाएं कर मांगे वोट
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला परिषद वार्ड संख्या 18 से भाजपा प्रत्याशी मदनलाल रेगर सहित पंचायत समिति के विभिन्न वार्डों में चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर ग्रामीणों से मतदान की अपील की।
दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में पहुंचने पर विधायक आक्या का ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जनसभाओं में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को गिनाया
जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक आक्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार प्रदेश में ऐतिहासिक विकास कार्य करवा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बेरोजगार युवाओं को रोजगार तथा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
विधायक आक्या ने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाने का आह्वान किया।
इन वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में की जनसभाएं
विधायक आक्या ने अपने दौरे के दौरान जिला परिषद वार्ड संख्या 18 से भाजपा प्रत्याशी मदनलाल रेगर, पंचायत समिति वार्ड संख्या 18 एराल एवं नेतावल गढ़पाछली से रतनलाल कुमावत, वार्ड संख्या 5 कश्मोर एवं पाण्डोली से श्यामलाल, वार्ड संख्या 26 बस्सी से नीतू कंवर, वार्ड संख्या 17 घटियावली से भंवरसिंह खरडीबावड़ी, वार्ड संख्या 16 ठिकरिया एवं गिलुण्ड से छाली बाई डांगी तथा वार्ड संख्या 13 सावा से भाजपा प्रत्याशी बसंती देवी के समर्थन में जनसभाएं कीं।
इस दौरान विधायक आक्या ने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने और मतदान के माध्यम से विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News