मंदसौर: गैस सिलेंडर में रिसाव से लगी आग में झुलसी 21 वर्षीय युवती की मौत, परिजनों ने गैस एजेंसी पर लगाए लापरवाही के आरोप
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश पिपलियामंडी। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम नेनोरा में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग में गंभीर रूप से झुलसी 21 वर्षीय युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती का अहमदाबाद में उपचार चल रहा था, जहां शुक्रवार 30 अक्टूबर को तड़के करीब 3 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने गैस सिलेंडर की रिंग और रेगुलेटर में खराबी का आरोप लगाते हुए संबंधित गैस एजेंसी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नया सिलेंडर लगाने के बाद हुआ गैस रिसाव
जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को ग्राम नेनोरा में नया गैस सिलेंडर लगाया गया था। इसी दौरान गीताबाई (21) पुत्री कारूलाल मेघवाल घर में फलाहार बना रही थी। अचानक गैस ने आग पकड़ ली और गीताबाई आग की लपटों में घिर गई। हादसे में वह करीब 55 प्रतिशत झुलस गई। उसे बचाने पहुंचे उसके चचेरे भाई नागेश (20) पुत्र पप्पूलाल मेघवाल भी आग की चपेट में आ गए और करीब 40 प्रतिशत झुलस गए।
मंदसौर से उदयपुर और फिर अहमदाबाद किया गया रेफर
हादसे के बाद दोनों घायलों को पिपलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने यहां उपचार में देरी के आरोप भी लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उदयपुर रेफर किया गया।
उदयपुर में गीताबाई का करीब पांच दिनों तक उपचार चला, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे अहमदाबाद रेफर कर दिया। वहां लगातार उपचार के बावजूद शुक्रवार 30 अक्टूबर को तड़के करीब 3 बजे गीताबाई की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मां ने थाने में दिया आवेदन, गैस एजेंसी की भूमिका की जांच की मांग
युवती की मौत के बाद उसकी मां श्यामाबाई पत्नी स्वर्गीय कारूलाल मेघवाल ने 30 अक्टूबर को पिपलियामंडी थाने में आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
आवेदन में आरोप लगाया गया कि घटना वाले दिन नया गैस सिलेंडर लगाया गया था, लेकिन सिलेंडर की रिंग अथवा रेगुलेटर में खराबी होने के कारण गैस का रिसाव हो रहा था। परिजनों का कहना है कि सिलेंडर लगाने के बाद सुरक्षा संबंधी जांच नहीं की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
सिलेंडर, रिंग और रेगुलेटर की तकनीकी जांच कराने की मांग
परिजनों ने पुलिस से हादसे में उपयोग किए गए गैस सिलेंडर, रिंग और रेगुलेटर की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित गैस एजेंसी और वितरक की भूमिका की जांच कर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
Tags
Breaking News