उदयपुर में मेडिकल स्टोर में भीषण आग, 10 मिनट में खाक हुआ सामान; दमकल में देरी के आरोप

सेक्टर-14 में मेडिकल स्टोर में भीषण आग, 10 मिनट में खाक हुआ सामान; दमकल में देरी के आरोप
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। सेक्टर-14 स्थित राजस्थान हॉस्पिटल रोड पर बुधवार देर रात सोनल केमिस्ट मेडिकल स्टोर में अचानक आग लग गई। रात करीब 1 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 10 मिनट के भीतर मेडिकल स्टोर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।

दुकान संचालक के मुताबिक, आग की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी। संचालक का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इस दौरान आग लगातार बढ़ती रही और दुकान में रखी दवाइयों समेत अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा।

घटना के दौरान आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग शुरुआती समय में ही काफी तेजी से फैल रही थी। ऐसे में यदि दमकल समय पर पहुंचती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।

वहीं, घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आग से निपटने की तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों को लेकर भी सवाल उठाए गए। लोगों का कहना है कि संबंधित थाने में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक स्तर के अग्निशमन संसाधन भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पुलिस-प्रशासन के स्तर पर जरूरी प्राथमिक अग्निशमन संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post